अल्मोड़ा वासियों के लिए जरूरी खबर: आज से 10 अक्टूबर तक करबला से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक 4-व्हीलर्स का आवागमन पूरी तरह बंद, जानें वजह

​अल्मोड़ा: जिले में बरेली-अल्मोड़ा-बागेश्वर मोटर मार्ग पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। इस मार्ग पर हॉट मिक्स तकनीक से डामरीकरण का कार्य शुरू होने के कारण 6 अक्टूबर की रात 8:00 बजे से 10 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे तक चौपहिया (फोर-व्हीलर) वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
​

दी यह जानकारी

प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) के अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क के सुधारीकरण का कार्य प्रगति पर है। डामरीकरण के दौरान वाहनों की आवाजाही से निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है, साथ ही सुरक्षा संबंधी खतरे और यातायात की समस्या पैदा होने की संभावना है। इसी के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया गया है।

​करबला तिराहे से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक रहेगा प्रतिबंध

प्रशासन ने संबंधित विभागीय और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि करबला तिराहे से लक्ष्मेश्वर तिराहे के बीच निर्धारित समय सीमा (6 से 10 अक्टूबर) के दौरान चौपहिया वाहनों की नो-एंट्री सुनिश्चित की जाए। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के आदेश भी दिए गए हैं।

​प्रशासन की अपील

प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग ने आम जनता तथा वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान इस मार्ग पर चौपहिया वाहनों से यात्रा करने से बचें। डामरीकरण के कार्य को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को अपना सहयोग प्रदान करें।