अल्मोड़ा: आगामी शारदीय नवरात्रि और ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव को देखते हुए नगर निगम अल्मोड़ा के डूबकिया वार्ड में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की पहल तेज कर दी है।
किया निरीक्षण
जिस पर देर रात बारिश के बावजूद डूबकिया वार्ड में प्रकाश व्यवस्था (पथ प्रकाश) का जायजा लेने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद अंजू बिष्ट एवं राकेश बिष्ट मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर उन स्थानों को चिन्हित किया जहाँ स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं या जहाँ अंधेरा रहने के कारण आवागमन में असुविधा हो रही है।
नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
वार्ड की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम अल्मोड़ा के नगर आयुक्त को एक लिखित प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) भी सौंपा गया है। पत्र में अवगत कराया गया है कि आगामी रामलीला एवं नवरात्रि पर्व के दौरान रात्रि में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुविधा व सुरक्षा हेतु प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त किया जाना अति आवश्यक है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक कराया जाए। अंधेरे वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।
नवरात्रि से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य
पार्षद अंजू बिष्ट एवं राकेश बिष्ट ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य नवरात्रि शुरू होने से पहले सभी चिन्हित स्थानों पर नई और कार्यशील लाइटें लगवाना है। इससे त्योहारों के दौरान वार्डवासियों एवं रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।