बागेश्वर: कपकोट तहसील के अत्यंत दूरस्थ और हिमालयी क्षेत्र बदियाकोट स्थित प्रसिद्ध मां भगवती मंदिर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भीषण आग लग गई।

मंदिर में धधकी आग
मिली जानकारी के अनुसार लकड़ी से बने इस ऐतिहासिक मंदिर में आग इतनी तेजी से फैली कि मुख्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। नवरात्र के बीच आस्था के इस प्रमुख केंद्र में हुई इस अनहोनी से पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में गहरा दुख व चिंता है। जानकारी के अनुसार बदियाकोट स्थित यह मां भगवती मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि देवभूमि की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत का उत्कृष्ट प्रतीक भी था। लकड़ी पर की गई आकर्षक एवं पारंपरिक नक्काशी इस मंदिर की मुख्य पहचान थी। स्थानीय निवासी आन सिंह ने बताया कि मंदिर का ढांचा पूरी तरह लकड़ी का निर्मित होने के कारण आग पल भर में फैल गई, जिससे नुकसान काफी अधिक हुआ है।
शॉर्ट सर्किट या दीपक से आग लगने की आशंका
मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना के दौरान अखंड दीपक जलाया जाता था और बिजली का संयोजन भी था। प्राथमिक रूप से आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या पूजा के दीपक की वजह से लगी होगी। हालाँकि, आग लगने की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।