उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जारी किया वीडियो
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्री ने अपने पति पर पहली शादी छिपाने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद मंत्री का एक रोते हुए वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्री रेखा आर्या के अनुसार, उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली थी जिसमें उन्हें मारने की साजिश रचे जाने से जुड़ी बातें सामने आईं। इस ऑडियो को सुनने के बाद वह काफी विचलित हो गईं और अपनी व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की शरण में जाने का फैसला किया। इसके साथ ही उन्होंने पति पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है।
फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
साथ ही रेखा आर्या का आरोप है कि उनके पति ने उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए उनके फर्जी हस्ताक्षर किए और दस्तावेजों में हेरफेर की। जारी किए गए वीडियो में रेखा आर्या ने प्रदेश और देश की महिलाओं से एक खास अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी तरह की घरेलू हिंसा या प्रताड़ना को चुपचाप नहीं सहना चाहिए। उन्होंने कहा कि डर और दबाव में जीने के बजाय महिलाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेनी चाहिए।
दर्ज हुई FIR
उत्तराखंड पुलिस के कैंट थाने में 15 अक्टूबर 2026 को इस मामले में FIR संख्या 0158 दर्ज की गई। पुलिस ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ आपराधिक साजिश, मारपीट, धोखाधड़ी, दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा, पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी करना, क्रूरता, जानबूझकर अपमान और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस ने एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं 3(1)(r), 3(1)(s) और 3(2)(va) भी जोड़ी हैं।