रुद्रप्रयाग (फाटा): केदारघाटी के रामपुर न्यालसू गांव की बेटी रितिका रावत को बधाई दीजिए। अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और लगन के दम पर रितिका का चयन उत्तराखंड सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे रुद्रप्रयाग जनपद और केदारघाटी में जश्न का माहौल है। एक साधारण किसान परिवार में जन्मी रितिका के पिता महेंद्र सिंह रावत किसान और माता अरुणा देवी गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की रितिका की शुरुआती पढ़ाई गांव में ही हुई। बचपन में भाइयों के साथ खेतों में क्रिकेट खेलने से शुरू हुआ उनका यह शौक धीरे-धीरे उनके जीवन का लक्ष्य बन गया। कड़े अभ्यास, अनुशासन और अथक प्रयासों के बल पर आखिरकार उन्होंने उत्तराखंड की सीनियर टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।