नैनीताल: प्रसिद्ध कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से जल्द ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को निजात मिलने जा रही है।
दी मंजूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भवाली सेनेटोरियम से कैंची धाम को जोड़ने वाले बाईपास निर्माण में आ रही वन भूमि की बाधा केंद्रीय स्वीकृति मिलने के साथ ही दूर हो गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड शासन की व्यय वित्त समिति ने कैंची धाम बाईपास मोटर मार्ग के दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक के लगभग 10.5 किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य के लिए 21.81 करोड़ रुपये के बजट प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि बजट से संबंधित शासनादेश जारी होते ही निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सड़क पर डामरीकरण के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी किए जाएंगे।
इस बाईपास के बन जाने के बाद ज्योलीकोट की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों (अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ आदि) की तरफ जाने वाले वाहन भवाली शहर के भीतर प्रवेश किए बिना सेनेटोरियम होते हुए सीधे अल्मोड़ा मार्ग पर निकल सकेंगे।