हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में सांगला-चिटकुल मार्ग पर आज एक पर्यटक टैम्पो ट्रेवलर पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। यह वाहन चिटकुल से सांगला जा रहा था और इसमें 11 लोग सवार थे। मृतकों में पांच पुरुष और चार महिलायें शामिल हैं।
सभी छत्तीसगढ़ और राजस्थान के निवासी थे
ये सभी छत्तीसगढ़ और राजस्थान के निवासी थे।
यह भूस्खलन सांगला-चिटकुल मार्ग पर बतसेरी के निकट हुआ। भूस्खलन से एक पुल भी टूट गया। जिला प्रशासन स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चला रहा है। घायलों को इलाज के लिए सांगला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में हुई दुर्घटना पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन के कारण हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि घायलों के इलाज के सभी प्रबंध किए जा रहे हैं।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50-50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भूस्खलन में मारे गये लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भूस्खलन में मारे गये लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव अभियान चलाने और प्रभावितों को तत्काल मदद देने के निर्देश दिए हैं।