उत्तराखंड: उत्तरकाशी की सिल्क्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के ऐतिहासिक और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन की याद में उत्तराखंड सरकार ने हर साल 28 नवंबर को ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
दी यह जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद शासन ने इस संबंध में तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों को 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव ने बताया कि वर्ष 2023 में 28 नवंबर को ही सिल्क्यारा सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों व विभिन्न संगठनों के बीच इस समन्वित प्रयास की सफलता की स्मृति में और राज्य में आपदा तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जा रहा है।
28 नवंबर को राज्यस्तरीय मुख्य आयोजन और प्रदर्शनी
28 नवंबर को देहरादून में राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सिल्क्यारा रेस्क्यू के अनुभवों को साझा किया जाएगा। इसके अलावा राहत व बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक एवं आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुसार, 25 से 27 नवंबर के बीच प्रत्येक जिले में कम से कम 8 से 10 स्थानों (अस्पताल, स्कूल, सरकारी कार्यालय, सुरंगें, विद्युत परियोजनाएं और भीड़भाड़ वाले इलाके) पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।