अल्मोड़ा की पर्वतारोही कविता चंद का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 24 घंटे से कम समय में माउंट किलिमंजारो फतह कर रचा नया इतिहास

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा की रहने वाली जानी-मानी पर्वतारोही और मैराथन धावक कविता चंद ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर देश का नाम रोशन किया है।

रचा इतिहास

जानकारी के अनुसार कविता ने इस 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर महज 12 घंटे 46 मिनट में चढ़ाई पूरी की और कुल चढ़ाई व वापसी का सफर मात्र 22 घंटे 36 मिनट में तय किया और एक नया भारतीय कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही वह 24 घंटे से भी कम समय में किलिमंजारो पर चढ़कर वापस लौटने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। सामान्य तौर पर माउंट किलिमंजारो की चढ़ाई और वापसी के सफर में 5 से 9 दिन का समय लगता है। कविता चंद ने अपनी बेहतरीन शारीरिक क्षमता और अद्भुत सहनशक्ति का परिचय देते हुए तंजानिया के म्वेका गेट से अपनी यात्रा शुरू की, उहुरू पीक फतह किया और उसी रास्ते से सकुशल वापस लौट आईं।

बताया यह लक्ष्य

कविता चंद ने साझा किया कि माउंट किलिमंजारो उनकी ‘सेवन समिट्स’ (सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियां) यात्रा का पांचवां पर्वत है। इससे पहले वह माउंट एल्ब्रुस, डेनाली, विंसन और एकांकागुआ जैसी विश्व प्रसिद्ध चोटियों को भी फतह कर चुकी हैं। पर्वतारोहण के साथ-साथ वह दुनिया की छह प्रमुख ‘वर्ल्ड मैराथन मेजर’ में से पांच को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं और अब उनकी नजर शेष बची आखिरी मैराथन को पूरा करने पर है।

​