अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा में पीएचडी प्रवेश परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है।
दायर की थी याचिका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के दौरान यूजीसी (UGC) के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इतिहास विषय के एक अभ्यर्थी ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिस पर याचिकाकर्ता का कहना था कि यूजीसी के नियमानुसार प्रवेश परीक्षा में आधे प्रश्न संबंधित विषय और आधे प्रश्न रिसर्च मेथोडोलॉजी से पूछे जाने चाहिए थे, लेकिन विश्वविद्यालय ने सारे प्रश्न केवल इतिहास विषय से ही पूछ लिए। उच्च न्यायालय द्वारा इस मामले में फैसला सुनाए जाने के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
आवेदन की अंतिम तिथि 12 नवंबर
विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित प्रक्रिया के अनुसार प्रवेश परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे छात्र 12 नवंबर तक फिर से आवेदन कर सकते हैं। दोबारा परीक्षा 22 नवंबर को अल्मोड़ा परिसर में आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 नवंबर को लिया जाएगा।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों को जोड़कर अंतिम योग्यता (मेरिट) सूची तैयार की जाएगी। इसके पश्चात काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को उनके शोध निर्देशक (गाइड) और शोध केंद्र (रिसर्च सेंटर) आवंटित किए जाएंगे।