उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों की घोषणा: ‘घपरोल’ और ‘रैबार’ बनीं सर्वश्रेष्ठ फिल्में, कई कलाकारों व तकनीशियनों को किया जाएगा सम्मानित, देखें सूची

​उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद ‘उत्तराखंड फिल्म नीति-2024’ के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों, कलाकारों एवं तकनीशियनों हेतु उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है।

पुरस्कारों की घोषणा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पहल के माध्यम से राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, भाषा और क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान देने वाले निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों की कड़ी में वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा वर्ष 2025 के लिए जाने-माने अभिनेता हेमंत पांडे को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ प्रदान किया जा चुका है। दोनों विभूतियों को दो-दो लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

​वर्ष 2024 के मुख्य पुरस्कार

• ​सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंडी (गढ़वाली) फिल्म: ‘घपरोल’ (निर्माता: अजय ढौंडियाल, निर्देशक व पटकथा लेखक: सिद्धार्थ शर्मा)।
• ​सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: रमेश रावत (फिल्म: ‘कारा एक प्रथा’)।
• ​सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: शिवानी भंडारी (फिल्म: ‘कारा एक प्रथा’)।
• ​सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता: अजय सिंह बिष्ट (फिल्म: ‘कारा एक प्रथा’)।
• ​जौनसारी फिल्म श्रेणी: फिल्म ‘मेरे गांव की बाट’ के लिए मधुबाला और अजब सिंह को सर्वश्रेष्ठ कलाकार चुना गया।

​वर्ष 2025 के मुख्य पुरस्कार

• ​सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म: ‘रैबार’ (इसके लिए भगत सिंह सैनी, सुशील उनियाल, राजेश नौगाई और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित होंगे)।
• ​अन्य गढ़वाली श्रेणियां: फिल्म ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी, कल्याणी गंगोला और विकास भारद्वाज का चयन किया गया है।
• ​सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म: ‘मनु क्या करेगा’।
• ​विशेष सम्मान (हिंदी श्रेणी): फिल्म ‘केसरी चैप्टर-2’ के लिए करण सिंह त्यागी, अक्षय कुमार, अनन्या पांडे, अमृत पाल, आर. माधवन और जुबिन नौटियाल को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।

​इतनी धनराशि

• ​सर्वश्रेष्ठ फिल्म: ₹2 लाख एवं स्वर्ण ब्रह्मकमल।
• ​सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: ₹1.5 लाख एवं स्वर्ण ब्रह्मकमल।
• ​अन्य श्रेणियां (कलाकार/तकनीशियन): ₹1-1 लाख की धनराशि, रजत ब्रह्मकमल और प्रशस्ति पत्र।