गैरसैंण (भराड़ीसैंण): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा भवन परिसर, भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित मुख्य समारोह में प्रतिभाग किया।
परेड का निरीक्षण
इस दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष व बलिदान को नमन किया। इस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य निर्माण की नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी, देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले जवानों और प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विकास यात्रा और बुनियादी ढांचे का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को ‘उत्तराखण्ड का दशक’ बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। जिसमें चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन तथा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं से पर्यटन व तीर्थाटन को गति मिल रही है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 सीमांत गांवों में लगभग 200 विकास योजनाओं पर कार्य जारी है। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान, किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर और अटल आयुष्मान योजना के तहत 63 लाख से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 1,300 स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं और 226 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री की 13 प्रमुख घोषणाएं
1. मानदेय वृद्धि (आंगनबाड़ी): आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी।
2. मानदेय वृद्धि (आशा कार्यकत्री): आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि।
3. लखपति दीदी प्रोत्साहन: स्वरोजगार व व्यवसाय विस्तार के लिए लखपति दीदियों को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि।
4. वन्यजीव हमला पीड़ितों को मदद: वन्यजीवों के हमले में घायलों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे इलाज के लिए अलग से वित्तीय सहायता।
5. भोजन माताओं का मानदेय: भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि।
6. डिजिटल लाइब्रेरी: प्रत्येक जनपद के जिला मुख्यालय से इतर दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी व वाचनालय की स्थापना।
7. पूर्ण पावर ग्रिड कवरेज: वैकल्पिक माध्यमों से बिजली पा रहे सभी राजस्व गांवों को मुख्य पावर ग्रिड से जोड़ना।
8. प्रवासियों के लिए भू-क्रय सरलीकरण: निवेश के इच्छुक प्रवासी उत्तराखण्डियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया को सरल बनाना।
9. अपुणि सरकार पोर्टल का विस्तार: बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों के लिए घर बैठे सेवाएं देने वाले पोर्टल को और प्रभावी बनाना।
10. बिजली बिल सरचार्ज माफी: छोटे किसानों व बिजली उपभोक्ताओं के बकाया बिलों पर लगने वाला सरचार्ज माफ करना।
11. उत्खण्ड गौरव सम्मान: लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को मरणोपरांत ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान’।
12. अतिथि शिक्षकों को राहत: प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि।
13. राज्य आंदोलनकारियों के लिए कैबिनेट समिति: चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रित प्रमाण पत्र जैसे मुद्दों के निस्तारण के लिए विशेष कैबिनेट समिति का गठन।
लोककलाकारों का सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और सुप्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में आयोजित भव्य परेड में आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस, महिला होमगार्ड, महिला पुलिस और एनसीसी की टुकड़ियों ने भाग लिया।