अल्मोड़ा: दीपावली का त्योहार मनाने के बाद लोगों को अब बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। अल्मोड़ा से दिल्ली, देहरादून, हल्द्वानी और नोएडा जैसे बड़े शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री परेशान
बस स्टेशनों पर वाहनों की किल्लत और यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के चलते लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। त्योहार की छुट्टियां खत्म होने के बाद अपनी नौकरी और काम-धंधे पर वापस लौट रहे लोगों की अचानक भीड़ बढ़ गई है। अल्मोड़ा के केएमओयू (KMOU) और रोडवेज बस स्टेशनों पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बसें शुरुआती प्वाइंट से ही ठसाठस भरकर आ रही हैं, जिससे रास्ते के स्टॉपेज पर खड़े यात्रियों को बस में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
अतिरिक्त बसें चलाने की उठी मांग
घंटों इंतजार के बाद जैसे-जैसे तैसे यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि त्योहारों के इस पीक सीजन में परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का इंतजाम करना चाहिए था। यात्रियों ने मांग की है कि अगले दो-तीन दिनों तक महानगरों के लिए स्पेशल या अतिरिक्त बसें चलाई जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।