उत्तराखंड: शीतकाल के लिए 16 नवंबर को बंद होंगे विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट, आज से शुरू होंगी पंच पूजाएं

​उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष शीतकाल के लिए 16 नवंबर को रात नौ बजकर 37 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

इस दिन बंद होंगे कपाट

वहीं कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया के तहत प्रसिद्ध पंच पूजाएं 12 नवंबर से शुरू होंगी, जिसके लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने पूजा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि कपाट बंद होने की पंच पूजायें 12 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेंगी। जिसमें-
• ​12 नवंबर: प्रथम दिन श्री गणेश जी के कपाट बंद किए जाएंगे।
• ​13 नवंबर: आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे।
• ​14 नवंबर: खड्ग पुस्तक पूजा संपन्न होगी और वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया जाएगा।
• ​15 नवंबर: माता लक्ष्मी जी को श्री बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने का औपचारिक आमंत्रण दिया जाएगा।
• ​16 नवंबर: रात 9:37 बजे बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए शुभ मुहूर्त में बंद कर दिए जाएंगे।

​17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान

कपाट बंद होने के अगले दिन, 17 नवंबर की सुबह रावल जी, श्री उद्धव जी, श्री कुबेर जी, आदिगुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी और विष्णु वाहन श्री गरुड़ जी समारोहपूर्वक अपने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान करेंगे।
​