उत्तराखंड: रसोई के बिगड़े बजट ने बढ़ाई चिंता: महंगा हुआ घर खर्च, आटा-दाल से लेकर तेल और चीनी के दामों में उछाल

​उत्तराखंड: महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। जिससे महिलाओं के रसोई का बजट बिगड़ गया है। स्थिति यह है कि जो राशन तीन महीने पहले 6,500 से 7,000 रुपये में आ जाता था, अब उसी के लिए 7,500 से 8,000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

सब्जी हुई महंगी

जानकारी के अनुसार बीते तीन महीनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार तेजी आई है। सब्जी मंडी में गुरुवार को प्याज 50 रुपये प्रति किलो के भाव बिका, जबकि तीन महीने पहले यह 30 से 35 रुपये किलो था। खुदरा व्यापारियों के मुताबिक, अगस्त में जो चीनी 50 से 55 रुपये किलो बिक रही थी, वह अब बढ़कर 64 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसी तरह विभिन्न दालों के दामों में भी 12 से 15 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा सरसों का तेल 15 से 20 रुपये महंगा होकर वर्तमान में 190 से 195 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। आटा, चावल और अंडों के दाम भी बढ़ गए हैं। अमूल द्वारा दूध, मक्खन और घी के दाम बढ़ाए जाने से आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।