अल्मोड़ा: आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, प्रदेश प्रभारी की रैलियों से लेकर प्रदेश अध्यक्ष के जिला दौरों तक चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारा जा रहा है।
रखी रणनीति
इसी क्रम में अल्मोड़ा पहुंचे एआईसीसी ऑब्जर्वर संजय छोकर ने पार्टी की चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीतियों को लेकर मीडिया के समक्ष पार्टी का पक्ष रखा। प्रेस वार्ता के दौरान एआईसीसी ऑब्जर्वर संजय छोकर ने कहा कि कांग्रेस का संगठन पूरी तरह मजबूत है। मतदाता सूची का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों के वोट काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने इसके लिए ‘वोट रक्षा ऐप’ तैयार किया है। इस ऐप के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि निर्वाचन विभाग द्वारा किन कारणों से लोगों के वोट काटे गए हैं, और जांच के बाद ऐसे सभी लोगों के वोट दोबारा बनवाए जाएंगे।
टिकट वितरण के लिए सर्वे और ऑब्जर्वर की नियुक्ति
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, चुनावी तैयारियों के तहत देहरादून में एक ‘वार रूम’ तैयार कर लिया गया है। टिकट वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश के लिए एआईसीसी ऑब्जर्वर की नियुक्ति के साथ-साथ सर्वे एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पार्टी की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि कांग्रेस आगामी चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। वहीं, सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए ऑब्जर्वर संजय छोकर और कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इस बार के चुनाव में भाजपा 10 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी और प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।