अल्मोड़ा: गर्व का क्षण: मेडिकल कॉलेज की डॉ. करनजोत कौर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, दर्द प्रबंधन फेलोशिप का पहला चरण किया पूरा


​

अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (SSJGIMSR), अल्मोड़ा के लिए एक गर्व का क्षण है। संस्थान के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत डॉ. करनजोत कौर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है।

बढ़ाया हौंसला

उन्होंने कोलकाता के प्रतिष्ठित ‘दाराडिया पेन क्लिनिक’ में प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. गौतम दास के मार्गदर्शन में पेन फेलोशिप का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह सफलता दर्द प्रबंधन के क्षेत्र में उनके नैदानिक कौशल, ज्ञान और विशेषज्ञता को और अधिक उन्नत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस खास अवसर पर डॉ. करनजोत कौर ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने सहयोगियों और वरिष्ठों को दिया है। उन्होंने एनेस्थीसियोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. उर्मिला पलारिया के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष के निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन से ही उन्हें इस मुकाम को हासिल करने की प्रेरणा मिली। इसके साथ ही उन्होंने फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रीत इंदर सिंह का भी विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और उनका साथ दिया।

​संस्थान के लिए गर्व का विषय

डॉ. करनजोत कौर की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गौरव की बात है। यह इस बात का प्रमाण है कि संस्थान के चिकित्सक और शिक्षक चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और निरंतर नया ज्ञान अर्जित करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।