अल्मोड़ा: मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रीत इंदर सिंह हुए सम्मानित, मिला प्रतिष्ठित ‘यंग फॉरेंसिक मेडिसिन एक्सपर्ट अवॉर्ड–2026’

​अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (SSJGIMSR), अल्मोड़ा के लिए एक और गौरवशाली क्षण सामने आया है।

किया सम्मानित

संस्थान के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. प्रीत इंदर सिंह को चिकित्सा और फॉरेंसिक मेडिसिन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘यंग फॉरेंसिक मेडिसिन एक्सपर्ट अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पंजाब एकेडमी ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी (PAFMAT) द्वारा आयोजित वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन PAFMATCON–2026 के दौरान गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32, चंडीगढ़ में प्रदान किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान फॉरेंसिक मेडिसिन के क्षेत्र में उनके समर्पण, उत्कृष्ट कार्यों और निरंतर शैक्षणिक योगदान की एक बड़ी मान्यता है।

​जताया आभार

इस बड़ी उपलब्धि पर डॉ. प्रीत इंदर सिंह ने अपने वरिष्ठों और मार्गदर्शकों—डॉ. दासरी हरीश, डॉ. अमनदीप सिंह और डॉ. अजय कुमार—के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के अमूल्य मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। इसके साथ ही उन्होंने डॉ. सी.पी. भैसोरा के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
​
खुशी की लहर

डॉ. प्रीत इंदर सिंह की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से न केवल अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य का नाम गर्व से ऊंचा हुआ है। संस्थान के चिकित्सकों और शिक्षकों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है।