अल्मोड़ा: भाजपा नगर मंडल की ओर से आयोजित हुआ शक्ति केंद्र सम्मेलन, राज्य निर्माण के संघर्ष और विकास यात्रा पर हुई चर्चा

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा द्वारा शुक्रवार को चौघानपाटा स्थित मयंक पैलेस में एक भव्य ‘शक्ति केंद्र सम्मेलन’ का आयोजन किया गया।

की चर्चा

इस सम्मेलन में उत्तराखंड राज्य निर्माण के गौरवशाली इतिहास, राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान, भाजपा की भूमिका, प्रदेश की विकास यात्रा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलख्वाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि और संघर्ष के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग केवल प्रशासनिक पुनर्गठन नहीं, बल्कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों, संस्कृति और विकास की आकांक्षाओं से जुड़ा जनआंदोलन था। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि इस आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और पूर्व सैनिकों की भूमिका ऐतिहासिक रही है। महिलाओं ने घर-परिवार की जिम्मेदारी के साथ आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने मुजफ्फरनगर कांड सहित आंदोलन के उन तमाम संघर्षपूर्ण प्रसंगों को याद किया जहां आंदोलनकारियों ने लाठियां खाईं और प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नए राज्यों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और 9 नवंबर 2000 को उत्तरांचल राज्य का गठन हुआ।

​संगठन की मजबूती और बूथ स्तर की सक्रियता पर जोर

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने संगठनात्मक विषयों पर बात करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ स्तर का नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र सरकार, संगठन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का मुख्य माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाएं।

​विकास और जन-कल्याण के पथ पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सड़क, रेल, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा अपने अतीत को समझने और भविष्य के प्रति संकल्प लेने का अवसर है। पलायन और स्वास्थ्य जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।

​
रहे उपस्थित

इस कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री दिनेश मठपाल ने किया। सम्मेलन में अल्मोड़ा विधानसभा के विस्तारक धीरज रौतेला, पूनम पालीवाल, अमित साह, सुधीर कुमार, नीरज सांगा, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, जगदीश चौहान, मनोज तिवारी, बीना नयाल, रुबीना, आशीष जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, मीना नेगी, शक्ति केंद्र संयोजक मनोज सनवाल, रजा अली अंसारी, प्रीति रस्तोगी, कविता साह, दीपा अधिकारी, सुनीता जोशी, विपिन बिष्ट, ममता साह, आशीष गुरुरानी, पूनम त्रिपाठी, जगत तिवारी, जगमोहन बिष्ट, जगदीश नगरकोटी, दीपिका बिष्ट, कमल वर्मा, आनंद भोज, पुष्कर बिष्ट, अभिषेक जोशी, शुभम रौतेला, पारस कांडपाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।