अल्मोड़ा: स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए एक सप्ताह का विशेष वाहन निरीक्षण अभियान शुरू, सुरक्षा मानकों की होगी जांच

​अल्मोड़ा: स्कूली बच्चों और आम यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक एक सप्ताह का विशेष वाहन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।

चलेगा अभियान

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशानिर्देशों के क्रम में यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा संचालित किया जा रहा है।
​जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान जनपद में स्कूली बच्चों के परिवहन में लगी स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों की सघन जांच की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य परिवहन से जुड़े निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराना है।
​उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के समन्वय से चलने वाले इस अभियान में वाहनों के वैध पंजीकरण, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की जांच की जाएगी। इसके साथ ही वाहनों में निर्धारित क्षमता, गति नियंत्रक यंत्र (स्पीड गवर्नर), प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स (फर्स्ट एड किट), अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास द्वार जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा जाएगा।
​
की यह अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि स्कूली बच्चों और नागरिकों का सफर सुरक्षित और सुगम बन सके।