अल्मोड़ा: राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित गोष्ठी में गूंजा मुद्दा: पत्रकारिता का उद्देश्य सनसनी नहीं, जनहित और जिम्मेदारी होना चाहिए

​अल्मोड़ा: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग की ओर से राजकीय संग्रहालय के सभागार में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी का आयोजन

‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित इस गोष्ठी में वक्ताओं ने प्रेस की स्वतंत्रता, समाचारों की विश्वसनीयता और मीडिया की सामाजिक जवाबदेही पर खुलकर अपने विचार रखे। गोष्ठी के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं, तस्वीरों और वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले उससे जुड़े सभी पक्षों का दृष्टिकोण जानना और संवेदनशील मामलों में संयमित भाषा का इस्तेमाल करना एक जिम्मेदार पत्रकारिता की पहचान है। इसके अलावा, विचाराधीन मामलों की रिपोर्टिंग के दौरान अदालत का फैसला आने से पहले किसी भी व्यक्ति को दोषी ठहराने की प्रवृत्ति और उसके समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर भी गंभीर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय समस्याओं, जन आंदोलनों और दूरस्थ क्षेत्रों की दबी आवाज़ को मुख्यधारा के विमर्श में लाने में क्षेत्रीय पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने इस अवसर पर कहा कि आज सूचनाओं का प्रसार बहुत तेजी से हो रहा है, जो मीडिया के लिए एक बड़ा चुनौतीपूर्ण समय है। इस दौर में हमें खबर की तथ्यपरकता (फैक्ट्स) और उसे प्रस्तुत करने के तरीके—दोनों पर बेहद सावधानी से ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खबरों को सनसनीखेज बनाने से बचना चाहिए और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करना चाहिए, तभी पत्रकारिता की विश्वसनीयता बरकरार रह सकती है।
​
रहें उपस्थित

इस कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा के अध्यक्ष जगदीश चंद्र जोशी, वरिष्ठ पत्रकार नवीन बिष्ट, पीसी तिवारी, प्रकाश पांडेय समेत विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े तमाम पत्रकार और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।