अल्मोड़ा: 19 नवंबर से शुरू होगा ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान, छह विधानसभा क्षेत्रों में घूमेंगी मोबाइल वैन

​अल्मोड़ा: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने की कवायद तेज कर दी है।

जन-जागरूकता अभियान

जिस पर जनपद में 19 नवंबर से ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) का विशेष प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान चुनाव की अधिसूचना जारी होने की तिथि तक निरंतर जारी रहेगा।
​प्रशासन की कार्ययोजना के अनुसार, 20 नवंबर से जनपद की सभी छह विधानसभा सीटों—द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत, सोमेश्वर, अल्मोड़ा और जागेश्वर में संबंधित उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) की देखरेख में मशीनों का लाइव प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों और शहरी मोहल्लों तक पहुंचने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक ‘मोबाइल प्रदर्शन वैन’ तैनात की जाएगी। इन वैनों के जरिए मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने और वीवीपैट पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की पूरी प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से समझाई जाएगी।
​
ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित

इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में कुल सात स्थायी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें सभी छह विधानसभा मुख्यालयों के साथ-साथ जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, अल्मोड़ा शामिल है। इन केंद्रों और मोबाइल वैन पर तैनात प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर लोगों की जिज्ञासाओं को शांत करते हुए मशीनों की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करेंगे। ऑफलाइन माध्यमों के साथ-साथ सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी उपयोग कर अधिक से अधिक मतदाताओं तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी।