अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के एसएसपी चंद्रशेखर घोडके द्वारा जनपद के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, नगरों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं विभिन्न संस्थानों में जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
दी यह जानकारी
इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 17.12.2025 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय द्वारा अल्मोड़ा स्टेडियम में आए बच्चों को जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को जीवन में खेलों के महत्व एवं शारीरिक और मानसिक विकास में खेलों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों का पालन, बाल अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणामों एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
नंबरों की दी जानकारी
बच्चों को किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अपने परिवारजनों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों को शारीरिक अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डरे तत्काल अपने माता-पिता अथवा पुलिस को सूचित करने हेतु बताया गया। इस दौरान बच्चों को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों डायल 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपदा हेल्पलाइन 1070 की जानकारी भी दी गयी।