उत्तराखंड: प्रदेश में संभावित शीतलहर और पाले की चेतावनी को देखते हुए शासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
तैयारियां तेज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील इलाकों और जरूरतमंद वर्गों की पहचान कर समय रहते पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक त्वरित प्रतिक्रिया दलों (QRT) को सक्रिय किया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके संपर्क नंबर आपातकालीन परिचालन केंद्रों (EOC) में दर्ज किए जाएंगे।
प्रशासन की यह तैयारियां
• जरूरतमंदों को राहत: बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और बेघर लोगों के लिए गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और सुरक्षित आश्रय सुनिश्चित किए जाएंगे।
• रैन बसेरे और अलाव: रैन बसेरों व अस्थायी आश्रयों में गर्म पानी, रोशनी, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा रहेगी। साथ ही बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिक बहुल इलाकों में अलाव जलाए जाएंगे।
• स्वास्थ्य और यातायात: स्वास्थ्य विभाग को हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के इलाज के लिए दवाएं, एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिसलन रोकने के लिए पाला प्रभावित सड़कों पर नमक और चूने का छिड़काव किया जाएगा।
• आवश्यक वस्तुओं का भंडारण: भारी बर्फबारी के कारण संपर्क कटने की आशंका वाले दुर्गम क्षेत्रों में आगामी मार्च महीने तक के लिए खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा।