नैनीताल: अंतरिक्ष कचरे पर अब नैनीताल से होगी पैनी नजर, दूरबीन सुलझाएगी पहेली, एरीज और इसरो मिलकर करेंगे स्पेस मलबे की ट्रैकिंग

​नैनीताल: अंतरिक्ष में तैर रहा कुछ सेंटीमीटर का मलबा भी करोड़ों रुपये के उपग्रहों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। तेज रफ्तार से चक्कर लगा रहे इन टुकड़ों की टक्कर कब किस सक्रिय उपग्रह से हो जाए, इसका सटीक अनुमान लगाना बड़ी चुनौती है।

अंतरिक्ष कचरे का खतरा

जिस पर अंतरिक्ष में तेजी से बढ़ते इसी खतरे से निपटने के लिए अब नैनीताल से निगरानी रखी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ मिलकर अंतरिक्ष में निष्क्रिय उपग्रहों, रॉकेट के अवशेषों और अन्य कृत्रिम वस्तुओं की निगरानी करेगा। इसके लिए मनोरा पीक स्थित संस्थान की पुरानी बेकर-नन श्मिट दूरबीन को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। इस दूरबीन के माध्यम से अंतरिक्ष में मौजूद कृत्रिम वस्तुओं की ऑप्टिकल निगरानी की जाएगी। इससे मिलने वाली तस्वीरों और डेटा के विश्लेषण से मलबे की सटीक स्थिति, गति और उसकी कक्षा का पता लगाया जा सकेगा, जिससे संभावित खतरों का समय रहते आकलन हो सके। यह पहल इसरो के ‘नेत्र’ (नेटवर्क फॉर स्पेस ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग एंड एनालिसिस) कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा है, जिससे देश की अंतरिक्ष स्थितिजन्य जागरूकता और निगरानी क्षमता को काफी मजबूती मिलेगी।

​2030 तक मलबा मुक्त अंतरिक्ष का लक्ष्य

भारत ने वर्ष 2030 तक अपने सरकारी और निजी क्षेत्र के अंतरिक्ष अभियानों को मलबा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत मिशन पूरा होने के बाद उपग्रहों और रॉकेट के हिस्सों के सुरक्षित निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही, हैदराबाद की एक निजी कंपनी ‘कॉसमोसर्व’ अंतरिक्ष से मलबा हटाने और उपग्रहों की मरम्मत से जुड़ी तकनीक विकसित करने पर काम कर रही है।

​