रुद्रप्रयाग: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का सफल आयोजन, 932 शिक्षण संस्थानों में बच्चों को पिलाई गई ‘एल्बेंडाजोल’

​रुद्रप्रयाग: जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) का सफल आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान के तहत जनपद के 932 सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा ‘एल्बेंडाजोल’ की खुराक दी गई। जो बच्चे किसी कारणवश आज दवा खाने से छूट गए हैं, उन्हें आगामी 25 नवंबर को मॉप-अप डे के अवसर पर यह दवा खिलाई जाएगी।
​
अभियान का शुभारंभ

​अभियान की आधिकारिक शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. पारुल गोयल ने तिलणी स्थित श्री गुरु राम राय (SGRR) पब्लिक स्कूल में एक छात्र को दवा की खुराक देकर की। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. पारुल गोयल ने बच्चों के स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “बच्चों के समुचित शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। कृमि संक्रमण से मुक्ति मिलने पर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर, रोग प्रतिरोधक क्षमता और सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार होता है।”

​शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों की भी अहम भूमिका है। सभी के समन्वित प्रयासों से लक्षित आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अपील की है कि यदि कोई बच्चा आज किसी कारणवश दवा खाने से छूट गया है, तो अभिभावक उसे 25 नवंबर को होने वाले मॉप-अप डे पर अनिवार्य रूप से दवा जरूर खिलाएं।


​रहे मौजूद

​इस शुभारंभ अवसर पर प्रधानाचार्य राकेश चौहान, उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र चौधरी, कार्यक्रम समन्वयक एवं काउंसलर विपिन सेमवाल, जिला समन्वयक आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी और सोशल वर्कर एनटीसीपी दिगपाल कंडारी सहित कई गणमान्य शिक्षक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।