उत्तरकाशी: एएचटीयू टीम ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक, मानव तस्करी, बाल विवाह और साइबर अपराधों से बचने के दिए टिप्स

​उत्तरकाशी: जनपद में नशा, बाल व महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को सशक्त बनाने और सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) जनपदभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।

पुलिस का अभियान

इसी क्रम में हाल ही में टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज जुणगा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान एएचटीयू टीम ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनी व सामाजिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न हेल्पलाइनों की उपयोगिता समझाई गई। टीम ने मुख्य रूप से निम्नलिखित नंबरों और ऐप्स की जानकारी दी।
• ​इमरजेंसी हेल्पलाइन: 112
• ​चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
• ​साइबर हेल्पलाइन: 1930
• ​उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं ‘गौरा शक्ति’ फीचर: इसके माध्यम से मिलने वाली सुरक्षा सुविधाओं और उनके सही इस्तेमाल के बारे में भी बच्चों को प्रशिक्षित किया गया।
​
किया जागरूक

साथ ही, विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपनी कोई भी निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इसके अलावा एएचटीयू टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाकर अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति, नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
​