उत्तराखंड: सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर लगाम लगाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश में दुपहिया वाहनों पर सवार दोनों व्यक्तियों—चालक और पीछे बैठने वाले (पिलियन राइडर)—के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करने को लेकर जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जानेंक्यों पड़ी सख्ती की जरूरत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस के अनुसार, हाल के समय में दुपहिया वाहन दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान हेलमेट न पहनने के कारण गई है। कई लोग खुद तो हेलमेट लगा लेते हैं, लेकिन पीछे बैठे परिवार के सदस्यों या छोटे बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं, जो कई बार जानलेवा साबित होता है। खासतौर पर युवा वर्ग इस नियम को लेकर ज्यादा लापरवाही बरतता है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने पिलियन राइडर्स के लिए भी नियम सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। यातायात नियमों के तहत दुपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य है। इस नियम का उल्लंघन करने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील
उत्तराखंड यातायात पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि दुपहिया वाहन से निकलते समय चालक और पीछे बैठी सवारी—दोनों हेलमेट जरूर पहनें। पुलिस ने कहा है कि हेलमेट को केवल चालान से बचने का जरिया न मानें, बल्कि इसे दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सबसे अहम सुरक्षा कवच समझें।