पौड़ी गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत, 4 घायल, पीएम ने जताया शोक

​पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड): उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही गांव के 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़क हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा कलवाड़ी गांव के पास उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में वाहन चालक और 7 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इको वैन (संख्या UK15 TA 2152) में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे, जो रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, वाहन में सवार सभी महिलाएं ‘बैंणी-भुली योजना’ का फॉर्म भरकर अपने गांव लौट रही थीं, तभी कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक बेकाबू होकर खाई में गिर गया। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

​पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) तथा लैंसडाउन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से चारों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया। वहीं, सभी 8 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।

​मृतकों की सूची

• ​कांति देवी (45 वर्ष), पत्नी दिनेश चंद्र
• ​रेखा देवी (42 वर्ष), पत्नी प्रेम सिंह
• ​सुमित्रा देवी (50 वर्ष), पत्नी रमेश सिंह
• ​सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी मदन सिंह
• ​धनेश्वरी देवी (46 वर्ष), पत्नी किशन चंद्र
• ​सरोजनी देवी (38 वर्ष), पत्नी मोहन सिंह
• ​रजनी देवी (25 वर्ष)
• ​अनिल देबराड़ा (48 वर्ष, वाहन चालक)


​घायलों की सूची

• ​शशि देवी (35 वर्ष), पत्नी गजेंद्र सिंह
• ​शकुंतला देवी (45 वर्ष), पत्नी महेन्द्र सिंह
• ​जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह
• ​सत्यवती देवी (36 वर्ष), पत्नी जगदीश


​प्रधानमंत्री ने जताया दुख

इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संदेश में प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।