हरिद्वार: ‘नव्या 2.0’ कार्यक्रम का शुभारंभ, बेटियों को सुरक्षित वातावरण व समान अवसर देने का लिया संकल्प, बेटियों को सुरक्षित माहौल और समान अवसर देने पर जोर

​हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से ‘नव्या 2.0’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने उनके उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे जीवन में बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन व मेहनत के साथ जुट जाएं। जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय पूरे आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना ही सफलता की कुंजी है।

​बेटियों को सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। आज सबसे बड़ी आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और उचित प्रोत्साहन मिले। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।

​महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं व बालिकाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार का संकल्प है कि देश की प्रत्येक बेटी और महिला आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़े, और ‘नव्या 2.0’ जैसी पहल इस संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

​रहे उपस्थित

इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भारत सरकार के कौशल विकास सचिव देवाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास सचिव अनिल मलिक, सचिव चंद्रेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।