उत्तरकाशी: राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 रविवार को जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
लागू थी निषेधाज्ञा
वहीं परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। आज रविवार को जिला मुख्यालय के चार परीक्षा केंद्रों—पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (आउराबाइका) उत्तरकाशी, पीएमश्री राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी, मसीह दिलासा स्कूल तिलोथ तथा रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (नियर रामलीला ग्राउंड)—पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दो सत्रों में हुई; पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चला। परीक्षा के मद्देनजर उप जिला मजिस्ट्रेट (भटवाड़ी) शालिनी नेगी ने पहले ही बीएनएसएस की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में परीक्षा समाप्ति तक निषेधाज्ञा लागू कर दी थी।
सक्रिय रहीं टीमें
एसपी ने बताया कि सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की गई। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूरी तरह रोक रही, जबकि सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपकरणों से लगातार निगरानी रखी गई। संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एलआईयू (LIU) और एसओजी (SOG) की टीमें भी सक्रिय रहीं।
रहें मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जगदिश पंत, एलआईयू निरीक्षक विकास नौटियाल और कोतवाली प्रभारी दीपक नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।