अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जोन तृतीय भाग-ए सीवरेज निर्माण कार्य शुरू

अल्मोड़ा में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज की समस्या से लोगों को जल्द निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। अल्मोड़ा में जोन तृतीय भाग-ए सीवरेज निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था ने निर्माण काम शुरू कर दिया है। 2515.56 लाख की लागत से सीवरेज निर्माण का काम होगा। इससे करीब आधे नगर के लोगों को राहत मिलेगी।

2515.56 लाख की लागत से होगा सीवरेज निर्माण का काम:

नगर को मजबूत सीवर लाइन और ड्रेनेज सिस्टम की दरकार है। यहां 90 के दशक में सीवर लाइन के एक फेज में काम हुआ था। इधर बीते साल भाजपा सरकार ने फेज तीन के भाग-ए सीवरेज निर्माण को 25 करोड़ की धनराशि स्वीकृति दी थी।

सीवरेज निस्तारण की समस्या से निजात की उम्मीद जगी:

उसके बाद कार्यदायी संस्था जल निगम की ओर से निर्माण काम के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन आचार संहिता के चलते टेंडर प्रक्रिया के बाद अग्रिम कार्यवाही पर ब्रेक लग गया था। वहीं आचार संहिता हटते ही विभाग ने कार्यवाही शुरू की। उसके बाद अब कार्यदायी संस्था की ओर निर्माण काम शुरू कर दिया गया है। जिससे अब लोगों को सीवरेज निस्तारण की समस्या से निजात की उम्मीद जग गई है।

पांडेखोला के समीप बनाया जाएगा ट्रीटमेंट प्लांट:

सीवरेज निस्तारण के लिए पांडेखोला के पास 1.50 एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।

सीवरेज के लिए निर्माण कार्य शुरू- दीपक जोशी, अपर सहायक अभियंता जल निगम

अपर सहायक अभियंता जल निगम, दीपक जोशी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जोन तृतीय भाग-ए सीवरेज के लिए निर्माण काम शुरू कर दिया गया है।