अल्मोड़ा में मटेला स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ने कार्य करना शुरू कर दिया है। अब यहां 2.50 एमएलडी पानी अतिरिक्त पहुंचना शुरू हो गया है। अतिरिक्त पानी पहुंचने से अब अल्मोड़ा को वर्तमान में 11 एमएलडी पानी उपलब्ध हो चुका है। इससे इस गर्मी नगर के एडम्स जोन से जुड़े क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
मटेला में ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी हुआ पूरा:
दरअसल, अल्मोड़ा नगर में लंबे समय से पेयजल संकट से लोग परेशान थे। लोगों को जरूरत का आधा पानी विभाग मुहैया करा पा रहा। इसी पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए करीब 25 करोड़ की लागत से कोसी मटेला से विक्टर मोहन जोशी जलाशय तक नई पेयजल योजना का निर्माण काम किया जा रहा है। इस योजना का काम अब लगभग पूरा हो चुका है। जबकि मटेला में ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी पूरा हो गया है। काम पूरा होने के साथ ही अब विभाग को मटेला से 2.50 एमएलडी अतरिक्त पानी मिलने लग गया है।
8.50 एमएलडी पानी हो रहा था अब तक उपलब्ध:
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अब तक अल्मोड़ा को 8.50 एमएलडी पानी उपलब्ध हो रहा था। लेकिन अब 2.50 एमएलडी अतरिक्त पानी के साथ ही 11 एमएलडी पानी उपलब्ध होने लगा है।
एडम्स जोन से जुड़े क्षेत्रों में गर्मी के समय नहीं होगी पेयजल समस्या:
जिससे इस गर्मी में खासकर एडम्स जोन से जुड़े क्षेत्रों माल रोड, लाला बाजार, ढुंगाधारा, पूर्वी पोखरखाली, जाखनदेवी, लक्ष्मेश्वर में लोगों को पानी के लिए जूझना नहीं पड़ेगा।