लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे भारतीय सेना के 29 वें सेनाध्यक्ष होंगे। वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे अपने 28 माह के कार्यकाल के बाद 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रशिक्षित लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने दिसम्बर 1982 में इंजीनियरिंग कोर में कमीशन प्राप्त किया था। उन्होंने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर ऑप्रेशन पराक्रम के दौरान
प्लांवाला सेक्टर में इंजीनियर रेजीमेंट का नेतृत्व किया।
अपने 39 वर्ष के सेवाकाल में लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने पश्चिमी थियेटर कमांड में एक इंजीनियर ब्रिगेड की कमान संभाली। नियंत्रण रेखा पर एक इंफेंटरी ब्रिगेड का नेतृत्व किया, लद्दाख सेक्टर में एक माउंटेन डिविजन की अगुवाई की और पूर्वोत्तर में एक सैन्य कोर का नेतृत्व भी संभाला। पूर्वी कमान का प्रभार लेने से पहले वे अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर इन चीफ रहे हैं। यह पहला मौका है जब इंजीनियर्स कोर का एक अधिकारी भारतीय सेना का अध्यक्ष होगा।