सरकार ने देशभर में अगले चार वर्षों में दो सौ हवाई अड्डे, वाटर ड्रम और हेलीपोर्ट बनाने की योजना बनाई

भारत ने आगामी दो से तीन वर्षों में हवाई यात्रा करने वालों की संख्‍या दोगुनी करने का लक्ष्‍य रखा है। ऐसे में कम से कम बीस करोड लोग हवाई यात्रा कर सकेंगे। इस लक्ष्‍य को हासिल करने के लिए सरकार की योजना देशभर में अगले चार वर्षों में दो सौ हवाई अड्डे, वाटर ड्रम और हेलीपोर्ट बनाने की है।

सरकार की कोशिश बुनियादी ढांचे के विकास के साथ बेहतर माहौल तैयार करना है

एक साक्षात्‍कार के दौरान केन्‍द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा कि सरकार की कोशिश बुनियादी ढांचे के विकास के साथ बेहतर माहौल तैयार करना है, जिससे नागरिक उड्डयन क्षेत्र को बढावा मिल सके। उन्होंने कहा कि 70 सालों में सिर्फ 74 हवाई अड्डे ही बनाए गए, उसकी तुलना में  पिछले आठ वर्षों में 67 नये हवाई अड्डे, वाटर ड्रम्‍स और हैलीपोर्ट का निर्माण किया गया है।

गगन के विकास के लिए वैज्ञानिकों और अभियंताओं की प्रशंसा की

स्‍वदेशी नौवहन प्रणाली ‘गगन’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वायुयानों की संख्‍या बढने से हवाई  यातायात में भी वृद्धि हुई है। इससे नौवहन प्रणाली और हवाई यातायात प्रबंधन प्रणाली पर दबाव बढा है। उन्‍होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से ये दोनों बहुत महत्‍वपूर्ण है। मंत्री सिंधिया ने नौवहन प्रणाली गगन के विकास के लिए वैज्ञानिकों और अभियंताओं की प्रशंसा की।