दुनिया का सबसे बड़ा लिक्विड मिरर टेलीस्कोप उत्तराखंड में स्थापित हो गया है । ये कहीं और नहीं बल्कि नैनीताल के देवस्थल में स्थापित किया गया है । इससे अंतरिक्ष में होने वाली घटनाओं पर बारीकी से अध्ययन किया जा सकेगा ।
क्या है लिक्विड मिरर टेलीस्कोप
ब्रह्मांड में होने वाली कोई भी नई घटनाओं पर ये टेलीस्कोप नजर रखेगा । लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बना यह टेलीस्कोप लाखों प्रकाश वर्ष दूर वस्तु को देखने में सक्षम है । बता दें कि 2017 में नैनीताल स्थित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान ने कनाडा, बेल्जियम, पोलैंड और अन्य 9 देशों के साथ मिलकर ILMT यानि इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप के प्रोजेक्ट को शुरू किया था । ARIES के निदेशक डॉ दीपांकर बनर्जी का टेलीस्कोप के बारे में कहना है कि इससे अंतरिक्ष में होने वालीं घटनाओं पर बारीकी से अध्ययन किया जा सकेगा और भविष्य में होने वाले बदलावों को जानने में मदद भी मिलेगी। इससे हर रात करीब 10 जीबी तक डेटा जेनरेट होगा । वहीं ARIES के वरिष्ठ वैज्ञानिक शशि भूषण पांडे का कहना है कि यह टेलीस्कोप साधारण टेलीस्कोप की तुलना में अंतरिक्ष के एक बड़े हिस्से को कवर करने में मदद कर सकता है ।