उत्तराखंड: तीन बहनों के इकलौते भाई को गुलदार ने बनाया निवाला

यहां तीन बहनों के इकलौते भाई को गुलदार ने निवाला बना लिया । घटना के बाद से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है ।

कल शाम 8 बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी गढ़वाल के पैठाड़ी गांव में मां के सामने गुलदार पांच वर्षीय बच्चे को उठा ले गया ।  घटना कल शाम 8 बजे की है । जब बड़ेथ गांव के लाल सिंह का एकलौता पुत्र आर्यन रावत अपने मां के पीछे- पीछे गौशाला जा रहा था तभी अचानक से गुलदार ने बच्चे पर हमला कर दिया और वह उसे जंगल की ओर ले गया । आस पास रात भर बच्चे की खोज की गई लेकिन वह नहीं मिल पाया । बिजली न होने के कारण रात के अंधेरे में ग्रामीण जंगल में जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके । घटना की सूचना जैसे ही वन विभाग को पता चली तो पुलिस और वन विभाग की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया पर बच्चे की कोई ख़बर नहीं लगी । सुबह के समय वन विभाग और पुलिस को बच्चे का शव मिला । 

परिवार में मचा कोहराम

बताया जा रहा है कि पांच वर्षीय बालक तीन बहनों का एकलौता भाई था।  बालक की मौत के बाद से मां और परिवार जनों का रो रो कर बुरा हाल है । घटना के बाद से  ग्रामीणों में भारी रोष है । 

मंत्री धन सिंह रावत ने दिए पिंजरे लगाने के निर्देश

वहीं बताया जा रहा है कि पैठाड़ी गांव में गुलदार पिछले एक हफ्ते से टहल रहा था जिसका वीडियो भी सामने आया था । फिर भी वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया । ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है की यदि क्षेत्र में बिजली होती तो यह हादसा नहीं होता । वहीं  मंत्री धन सिंह रावत ने वन विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए  क्षेत्र में अलग -अलग जगह पिंजरे लगाने के निर्देश दिए है और कहा है कि यदि आवश्यकता है तो गुलदार को मारने के लिए विभाग की स्वीकृति ली जाए ।