उत्तराखंड: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के चलते अस्थायी रूप से बंद की गई उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) के पर्वतीय डिपो की 12 प्रमुख बस सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है।
बुकिंग प्रक्रिया शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक निगम के इस फैसले से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यात्री घर बैठे ही अपनी यात्रा की तारीख तय कर अग्रिम सीट बुक कर सकेंगे। उत्तराखंड परिवहन निगम की सहायक महाप्रबंधक (पर्वतीय) चित्रलेखा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इन सेवाओं को पुनः ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा गया है। अब देहरादून से संचालित होने वाली चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े उत्तरकाशी, बड़कोट और ऊखीमठ के साथ-साथ बागेश्वर, द्वाराहाट, मंडल, देवाल, बीरोखाल, नागचूला खाल, घूमाकोट, तपोवन और त्रिपालीसेन जैसे क्षेत्रों के लिए ऑनलाइन टिकट उपलब्ध हैं।
बसों के प्रस्थान का समय
• सुबह 4:30 बजे: नागचूला खाल
• सुबह 5:00 बजे: बागेश्वर, घूमाकोट
• सुबह 5:30 बजे: तपोवन, उत्तरकाशी
• सुबह 5:45 बजे: बड़कोट
• सुबह 6:00 बजे: द्वाराहाट, बीरोखाल
• सुबह 6:30 बजे: मंडल
• सुबह 7:00 बजे: देवाल
• सुबह 7:30 बजे: ऊखीमठ
• सुबह 8:00 बजे: त्रिपालीसेन
जानें कैसे करें बुकिंग
परिवहन निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर संबंधित बस के प्रस्थान समय और सीटों की उपलब्धता जांच कर अपनी सुविधानुसार टिकट बुक कर लें।