◆ प्रदेश में मौसम फिर से करवट ले रहा है। प्रदेश के ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में दो दिनों से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बदरीनाथ धाम में दो दिन से लगातार बर्फबारी हो रही है। उधर, मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने ज्यादातर जन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। मुख्यमंत्री ने जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
◆ रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आगामी केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए की जाने वाली तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
◆ देहरादून में ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। शुक्रवार को झाझरा स्थित विज्ञान धाम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस का यह देश का पहला आयोजन हो रहा है।
◆ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी/ लेखपाल की भर्ती परीक्षा कल होगी। प्रशासन का कहना है कि, परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
◆ स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सुशीला तिवारी चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज और महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों में स्पेशलिस्ट डाक्टरों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा।
◆ नकल माफियाओं पर लगातार नकेल कसने के क्रम में उत्तराखंड पुलिस SIT ने जे.ई./ए.ई. परीक्षा प्रश्न लीक प्रकरण के मुख्य आरोपी संजीव दुबे के 02 भाईयों को गिरफ्तार किया।
◆ लेखपाल/पटवारी पेपर प्रकरण में उत्तराखंड पुलिस SIT ने की 13वीं गिरफ्तारी। रिसॉर्ट में अभ्यर्थियों को पेपर पढ़वाने और रिसॉर्ट की निगरानी करने का आरोपी और मुख्य आरोपी के मामा सुरेश उर्फ मनत्तू को हरिद्वार से पकड़ा।
◆ फ़र्ज़ी वेबसाइट के माध्यम से म्यूचुअल फंड में निवेश करने और अधिक लाभ कमाने का लालच देकर ₹01 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के सरगना को उत्तराखंड STF ने बैंगलूरु से गिरफ्तार किया। बेंगलुरु पुलिस को भी इसकी तलाश थी।
◆ बैंकों के आसपास लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय बावरिया गैंग के 06 शातिर सदस्यों को प्रदेश पुलिस ने लुधियाना, पंजाब में दबिश देकर पकड़ा। दो घटनाओं का चोरी का माल बरामद।