उत्तराखंड को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के लिए जारी किए इतने करोड़ रूपए

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के समग्र विकास को गति देते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 99 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस धनराशि से स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।

धनराशि स्वीकृत

सीएम धामी ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड के सुचारू संचालन और लंबित देयकों (बकाये भुगतान) के लिए राज्य बजट से 75 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न सड़कों और पुलों के निर्माण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है। इसके अलावा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रमुख कार्यों हेतु 16.24 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। जिनमे-
• ​रामनगर: ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का ऑटोमेशन।
• ​रुद्रप्रयाग: कोषागार कार्यालय के भवन की मरम्मत व अनुरक्षण।
• ​देहरादून: धौरणखास में पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र में 150 KLD क्षमता का STP प्लांट निर्माण।
• ​बहादराबाद: औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना।

स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को दी प्राथमिकता

• ​चंपावत: पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट के लिए 2 करोड़, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम के लिए 59.66 लाख, और सेलागाड गांव में टाइल्स कार्य हेतु 19.68 लाख रुपये।
• ​कपकोट: सरयू घाटी व शामा क्षेत्र में विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना के लिए 2 करोड़ रुपये।
• ​अन्य कार्य: डीडीहाट में आंतरिक संपर्क मार्ग, यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक ‘बीटल्स स्ट्रीट’ का विकास, धारचूला में पैदल मार्ग निर्माण, लोहाघाट में शिव मंदिर का सुंदरीकरण और भीमताल में धर्मशालाओं का निर्माण शामिल है।