उत्तराखंड: भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सोमवार को एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया गया। हरिद्वार में पहली बार यह हुआ। साथ ही देश में ही किसी गैर-परिचालन विमान (टर्बोप्रॉप) को ‘फ्लोट’ लगाकर सी-प्लेन में बदला गया और इसकी सफल परीक्षण उड़ान आयोजित की गई।
सफल परीक्षण उड़ान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ऐतिहासिक परीक्षण उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित गंगा बैराज में किया गया। ‘डी हैविलैंड कनाडा डीएचसी-6 ट्विन ओटर’ विमान ने यहाँ से आने-जाने की अपनी पहली रखरखाव उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की। यह विमान पहले ‘फ्लाई बिग’ एयरलाइन का हिस्सा था, जिसे अब स्काईहॉप एविएशन द्वारा अधिग्रहित किया गया है। बजट में सी-प्लेन सेवाओं को बढ़ावा देने की घोषणा के बाद, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर इस विमान को फ्लोट लगाकर सी-प्लेन में बदला गया।
देगा सेवाएं
भारत में ही किए गए इस संशोधन के बाद, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान को उड़ान योग्यता का प्रमाण पत्र और परिचालन मंजूरी जारी कर दी है। अवनी सिंह के नेतृत्व वाली स्काईहॉप एविएशन का यह विमान अब अंतिम लाइसेंस मिलने के बाद अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अपनी सेवाएं देगा।