उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड के जवानों ने एक बार फिर अपने अदम्य साहस, अनुशासन और अटूट संकल्प का लोहा मनवाया है। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की 16 सदस्यीय पर्वतारोहण टीम ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर सफलतापूर्वक फतह हासिल कर तिरंगा फहराया है।
टीम ने रचा इतिहास
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एनएसजी की यह जांबाज टीम 23 मई को नेपाल समयानुसार सुबह 3:26 बजे एवरेस्ट के शिखर पर पंहुची। इस बेहद चुनौतीपूर्ण और ऐतिहासिक अभियान का नेतृत्व देहरादून निवासी मेजर अखिलेश भट्ट ने किया, जो मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस अभियान की सफलता में उत्तराखंड के कई अन्य जांबाजों ने भी अग्रिम भूमिका निभाई। इसमें सूबेदार सुरेश कुमार बेबनी (पौड़ी गढ़वाल, कंडाई गांव): अभियान के उप नेता (डिप्टी लीडर), नायक राहुल सिंह (चमोली): टीम के मुख्य सदस्य, नायक पंकज सिंह दोसाद (अल्मोड़ा): टीम के मुख्य सदस्य, कमांडो गौतम बुटोला (उत्तरकाशी): टीम के मुख्य सदस्य शामिल रहें। काठमांडू से शुरू हुई करीब 20 दिनों की इस बेहद जोखिम भरी यात्रा में टीम ने खराब मौसम, ऑक्सीजन की भारी कमी और हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करते हुए अंततः एवरेस्ट पर विजय प्राप्त की।