अल्मोड़ा। जनपद में जन-स्वास्थ्य और खाद्य मानकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट में शनिवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और व्यापारियों के पंजीकरण को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों की अब खैर नहीं
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में कोई भी खाद्य व्यवसायी बिना वैध लाइसेंस के संचालन नहीं कर सकेगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यापारियों का अनिवार्य पंजीकरण और लाइसेंस सुनिश्चित किया जाए। बिना लाइसेंस चल रही इकाइयों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए।उपभोक्ताओं की शिकायतों और लंबित वादों का समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण किया जाए।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
बैठक के दौरान एडीएम ने जोर देकर कहा कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से होटलों, रेस्टोरेंटों और दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करने और सैंपलिंग की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए ताकि मिलावटखोरी पर अंकुश लगाया जा सके।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी अनिल मिश्रा सहित स्वास्थ्य, राजस्व और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।