अल्मोड़ा: 21वां राष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन जारी, विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों पर कहीं यह बात

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा मानसखंड विज्ञान केंद्र में तीन दिवसीय 21 वें राष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन जारी है।

सम्मेलन का आयोजन

इसी क्रम में आज शनिवार को सम्मेलन विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े समसामयिक और भविष्यपरक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया। सम्मेलन सत्र में विशेषज्ञों ने विज्ञान केंद्र के एक्सपेरिमेंटल पार्क, साइंस सेंटर और थिएटर आधारित प्रस्तुतियों की भूमिका को रखा। कहा कि विज्ञान संग्रहालयों को अब पारंपरिक प्रदर्शनों तक सीमित न रहकर अनुभवात्मक, पारदर्शी और संवादात्मक ज्ञान केंद्रों के रूप में विकसित करना होगा। वहीं, विज्ञान को खेल-खेल में सिखाने, 3-डी जैवविविधता प्रदर्शनों में निहित अपार संभावनाओं, विज्ञान को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझाने की आवश्यकता पर बल दिया। स्टेम लैब, क्षमता निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और विज्ञान के समन्वय, खोज म्यूजियम में विज्ञान और कला के नवाचारी संयोजन, युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने जैसे विषय इस सत्र के केंद्र में रहे। इसके अलावा वर्चुअल रियलिटी की काल्पनिक दुनिया, डाटा कोडिंग और उभरती डिजिटल तकनीकों के भविष्य पर भी चर्चा हुई।

करियर में महत्वपूर्ण भूमिका

इस मौके पर विशेषज्ञों ने कहा कि ये तकनीकें नई पीढ़ी को स्वरोजगार, स्टार्टअप संस्कृति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी आधारित करियर की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।