अल्मोड़ा: देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
गोष्ठी का आयोजन
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि अपने दूरदर्शी फैसलों और सशक्त नेतृत्व से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की अलग पहचान बनाई। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को बढ़ावा और गरीब व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्य भारतीय इतिहास में मील का पत्थर हैं।
लिया यह संकल्प
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता को सदैव सर्वोपरि रखा और उनका जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसेवा के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और संविधान, लोकतंत्र व सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर काम करें। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भाईचारे, समानता और धर्मनिरपेक्षता को मजबूत करने की रही है, जिसके तहत कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाने चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
रहें मौजूद
इस दौरान महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, सेवादल जिलाध्यक्ष परितोष जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, आनंद सिंह बगड़वाल, पीताम्बर पांडे, आनंद बिष्ट, किरण आर्य, तारा तिवारी, अम्बी राम आर्य, पार्षद विकास कुमार, मुकेश कुमार, हेम चंद्र तिवारी, दिनेश पाण्डेय, दिनेश पिलखवाल, गोविन्द लाल, तारा चंद्र शाह, निज़ाम कुरैशी, जगदीश पाण्डेय, राजू आर्य, रविंद्र लाल टम्टा और इसरार अहमद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।