अल्मोड़ा: स्वतंत्रता दिवस की पावन बेला से पूर्व अल्मोड़ा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलिथीन मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर के सभी 40 वार्डों में एक साथ वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
चलाया स्वच्छता अभियान
जिसमें “हमारा अल्मोड़ा, हमारी जिम्मेदारी, स्वच्छ अल्मोड़ा, स्वस्थ अल्मोड़ा, विकसित अल्मोड़ा” के मूल संदेश के साथ आयोजित इस विशेष अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण मित्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का मुख्य कार्यक्रम हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम परिसर में आयोजित हुआ। यहाँ जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मेयर अजय वर्मा और स्थानीय विधायक मनोज तिवारी ने खुद स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग कर आम जनता को स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान नगर की प्रमुख सड़कों, गलियों, नालियों, बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही सफाई टीमों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग (पृथक्करण) करने, कूड़े के उचित निस्तारण, और सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने के प्रति जागरूक किया।
रहें उपस्थित
अभियान के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और अपने शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, स्थानीय जनप्रतिनिधि रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, हरीश कनवाल, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।