अल्मोड़ा: जनपद में इस साल दिसंबर के महीने में दो दिवसीय भव्य ‘विंटर कार्निवल’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं।
बैठक का आयोजन
इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्निवल की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रस्तावित विंटर कार्निवल को पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए खास बनाने के लिए कई तरह के कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। इसमें मुख्य रूप से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, म्यूजिक बैंड के कार्यक्रम, स्टार नाइट, लजीज व्यंजनों से सजा फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं।
दिए यह निर्देश
प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से न केवल स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का बेहतरीन मंच मिलेगा, बल्कि जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विंटर कार्निवल का आयोजन बेहद आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रहें मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के. एन. तिवारी, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित कई अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।