अल्मोड़ा: ऐतिहासिक नंदा देवी मेले के दौरान आज बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मेले में लगा एक झूला अचानक टूट जाने से उसमें सवार महिला नीचे गिरकर बेहद गंभीर रूप से घायल हो गई।
महिला गंभीर रूप से घायल
इस घटना के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर लोगों का हुजूम जमा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना एडम्स इंटर कॉलेज मैदान में लगे मेले की है। महिला झूले पर सवार होकर आनंद ले रही थी, तभी किसी तकनीकी खराबी के कारण झूला एक तरफ से अचानक टूट गया। इससे महिला अनियंत्रित होकर ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरी। इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मेले में मौजूद कर्मियों की मदद से आनन-फानन में घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने तुरंत झूले को सील कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने झूला संचालक को हिरासत में लेते हुए झूले के संचालन का लाइसेंस और फिटनेस प्रमाण पत्र तलब किया है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घोर लापरवाही की बात सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।