अल्मोड़ा: उपलब्धि: बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ‘बैडमिंटन प्लेयर ऑफ द ईयर 2025’ से सम्मानित

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के लाल और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने एक बार फिर देवभूमि का मान बढ़ाया है। 21 मार्च को लखनऊ के ‘द सेंट्रम होटल’ में आयोजित प्रतिष्ठित टाइम्स ऑफ इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स (TOISA) समारोह में लक्ष्य सेन को ‘बैडमिंटन प्लेयर ऑफ द ईयर 2025’ के खिताब से सम्मानित किया गया है।

किया गया सम्मानित

बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन को यह पुरस्कार भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज के हाथों प्रदान किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू सहित खेल और सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियों ने इस समारोह में शिरकत की। यह पुरस्कार लक्ष्य सेन को वर्ष 2025 में उनके द्वारा किए गए असाधारण प्रदर्शन के लिए दिया गया है। वर्ष 2025 में लक्ष्य ने कनाडा ओपन और ऑस्ट्रेलिया ओपन में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी धाक जमाई। साथ ही, हाल ही में उन्होंने दुनिया की प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा है।

राज्य भर में खुशी की लहर

​लक्ष्य सेन की इस बड़ी उपलब्धि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह और उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों (अशोक कुमार, डॉ. अलकनंदा अशोक, बी.एस. मनकोटी) ने इसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। अल्मोड़ा जिला बैडमिंटन संघ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।