अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा की रहने वाली कविता चंद ने उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विन्सन पर सफल चढ़ाई की है।
कविता ने किया कमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कविता ने 12 दिसंबर को स्थानीय समय अनुसार रात 8:30 बजे 4,892 मीटर ऊंची इस चोटी पर पहुंचकर भारतीय तिरंगा फहराया। कविता का यह अभियान 3 दिसंबर को भारत से शुरू हुआ। वह 4 दिसंबर को चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं और 7 दिसंबर को यूनियन ग्लेशियर के लिए रवाना हुईं। इसके बाद स्की से लैस विमान से करीब 40 मिनट की उड़ान भरकर वह लगभग 2,100 मीटर की ऊंचाई पर बने विन्सन बेस कैंप पहुंचीं। भारतीय टीम को अनुभवी पर्वतारोही भारत थम्मिनेनी और उनकी कंपनी बूट्स एंड क्रैम्पॉन का सहयोग मिला। जिसमें उनकी देखरेख में नौ सदस्यीय भारतीय टीम ने पूरी तैयारी और सावधानी के साथ शिखर तक पहुंचने में सफलता पाई। इससे पहले कविता यूरोप की सबसे ऊंची चोटी भी फतह कर चुकी हैं। अल्मोड़ा जिले की निवासी व वर्तमान में मुंबई में रह रहीं 40 वर्षीय कविता की इस कामयाबी पर देशभर में खुशी का माहौल है, खासकर उनके गृह राज्य उत्तराखंड के अल्मोड़ा में।